महेश पांडे, देहरादून उत्तराखंड की त्रिवेंद्र रावत सरकार ने केंद्र सरकार से लॉकडाउन को प्रदेश के सभी जिलों में 30 अप्रैल तक बढ़ाने का आग्रह करने का फैसला लिया है। सरकार ने फैसला किया है कि 31 मई तक राज्य में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए हर संभव इंतजाम किए जाएंगे। साथ ही हॉट स्पॉट बने इलाकों में किसी भी तरह की मूवमेंट की इजाजत नहीं होगी। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में सीएम आवास में गुरुवार को हुई उच्च स्तरीय बैठक में कोरोना वायरस के संबंध में आगे की रणनीति पर व्यापक विचार विमर्श किया गया। इसमें केंद्र सरकार को भेजी जाने वाली कार्य योजना बनाई गई। इसके अलावा 15 मई तक प्रदेश के तमाम एजुकेशनल संस्थान बंद करने के फैसले को भी इस कार्ययोजना में शामिल किया गया है। नेपाल बॉर्डर पर लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित सरकार ने फैसला किया है कि भारत-नेपाल बॉर्डर से किसी भी शख्स की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा सड़क, रेल और हवाई यातायात के संबंध में केंद्र सरकार के निर्देश का पालन किया जाएगा। सीएम आवास पर हुई इस बैठक के दौरान मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव ओमप्रकाश, डीजीपी अनिल कुमार रतूड़ी, सचिव अमित नेगी और नितेश झा ने भी सीएम को हालात पर फीडबैक दिया। पीएम नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्रियों से करेंगे बातचीत बता दें कि उत्तराखंड समेत देश के सभी राज्यों के सीएम शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पीएम नरेंद्र मोदी से बातचीत करेंगे। इस बैठक में सभी सीएम पीएम नरेंद्र मोदी को राज्य में कोरोना वायरस के कारण उपजे हालातों की जानकारी देंगे। इसके अलावा प्रदेशों में लॉकडाउन लागू करने के मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।
from Dehradun News, Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, देहरादून समाचार, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2VlnNwV
0 टिप्पणियाँ